Date: 10/02/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

पेड़ से लटका मिला किशोर का शव, इलाके में मचा हड़कंप,मौके पर पहुंची पुलिस 
 

2/9/2026 3:00:05 PM IST

27
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jahanabad  :- जहानाबाद जिले के काको बाजार क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक किशोर का शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया। मृतक की पहचान काको थाना क्षेत्र निवासी शशि भूषण राम के 16 वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पाकर काको थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक के पिता शशि भूषण राम ने बताया कि उनका पुत्र रविवार दोपहर खाना खाकर घर से निकला था, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा। देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन चिंतित हो गए और उसकी खोजबीन शुरू की गई, लेकिन रात में कोई सुराग नहीं मिल सका। सोमवार सुबह गांव के लोगों ने पेड़ के पास शव लटका हुआ देखा, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे ने एक हार्डवेयर दुकान से कुछ सामान लिया था, जिसको लेकर उसके साथ मारपीट की गई और उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने हार्डवेयर दुकानदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, जहानाबाद भेज दिया है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।
 
जहानाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए पंकज कुमार कि रिपोर्ट