Date: 25/05/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

पानी संकट पर फूटा गुस्सा, ग्रामीणों ने मैथन रोड किया जाम

5/24/2026 6:58:12 PM IST

22
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद जिले के निरसा विधानसभा क्षेत्र के शिवलीबाड़ी उतर पंचायत स्थित रहमत नगर में पिछले दो सप्ताह से पानी की भारी किल्लत से लोग परेशान हैं। पानी नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा रविवार को आखिरकार सड़क पर फूट पड़ा। मुखिया मलका मेहर निगार के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने मैथन रोड मुख्य सड़क को जाम कर दिया। बताया जा रहा है कि झिलिया पुल निर्माण के दौरान पानी की मुख्य पाइप क्षतिग्रस्त हो गई थी। निर्माण एजेंसी की ओर से जल्द पाइप मरम्मत का आश्वासन दिया गया था, लेकिन दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी समस्या जस की तस बनी रही। रहमत नगर के करीब 500 परिवार भीषण गर्मी में पानी के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि संवेदक की ओर से भेजा जा रहा एक टैंकर पानी इतने परिवारों के लिए पर्याप्त नहीं है। सड़क जाम की सूचना मिलने पर कुमारधुबी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण पाइप मरम्मत शुरू होने तक जाम हटाने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों और संवेदक से संपर्क किया। करीब तीन घंटे बाद मिस्त्री मौके पर पहुंचे और पाइप जोड़ने का काम शुरू किया गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर आवागमन बहाल किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में फिर पानी की समस्या हुई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
 
धनबाद से कोयलांचल लाइव के लिए दीपक की रिपोर्ट