Date: 09/06/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

कोयलांचल लाइव खबर का असर: बेड़वा टोला में पेयजल संकट पर जागा प्रशासन,शुरू हुई डीप बोरिंग

6/3/2026 1:47:03 PM IST

86
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
जामताड़ा: नारायणपुर प्रखंड के चंपापुर गांव स्थित बेड़वा टोला में पेयजल संकट को लेकर प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला है। भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को डोभा का दूषित पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा था, जिसे लेकर कोयलांचल लाइव ने प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था। खबर सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया और गांव में पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में त्वरित कार्रवाई की
गौरतलब है कि बेड़वा टोला के ग्रामीण लंबे समय से स्वच्छ पेयजल की समस्या से जूझ रहे थे। टोला में लगे एक चापाकल के खराब होने तथा दूसरे चापाकल के सभी लोगों के लिए सुलभ नहीं होने के कारण ग्रामीणों को खेतों के बीच बने डोभा से पानी लाकर अपनी दैनिक जरूरतें पूरी करनी पड़ रही थीं। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा था। समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासन की ओर से त्वरित पहल करते हुए गांव में डीप बोरिंग का कार्य किया गया है। डीप बोरिंग लगने से ग्रामीणों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होने की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही उन्होंने समाचार को प्रमुखता से प्रकाशित करने के लिए कोयलांचल लाइव का भी आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि डीप बोरिंग से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित हो जाती है तो बेड़वा टोला के सैकड़ों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें दूषित पानी पीने की मजबूरी से छुटकारा मिल जाएगा। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन आगे भी क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए इसी तरह संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगा।
 
कोयलांचल लाइव के लिए जामताड़ा से निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट