Date: 05/09/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस से 66.75 लीटर अवैध शराब बरामद

9/5/2026 2:31:41 PM IST

7
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
धनबाद। धनबाद रेलवे स्टेशन पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ RPF की स्पेशल टास्क टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने हावड़ा-ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस के पिछले जनरल कोच से लावारिस हालत में रखे तीन पिट्ठू बैग और दो प्लास्टिक के थैलों से कुल 66.75 लीटर केन बियर और अंग्रेजी शराब बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 20,460 रुपये बताई गई है। मामला धनबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 का है। ट्रेन संख्या 13051 हावड़ा-ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस के पहुंचने के बाद RPF की स्पेशल टास्क टीम जांच और गश्त कर रही थी। इसी दौरान ट्रेन के पिछले जनरल कोच में तीन पिट्ठू बैग और दो प्लास्टिक के थैले संदिग्ध हालत में मिले। RPF जवानों ने कोच में मौजूद यात्रियों से बैग और थैलों के बारे में पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी सामान पर अपना मालिकाना हक नहीं जताया। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में सभी बैग और थैलों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 66.75 लीटर केन बियर और अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब और बियर की बोतलों पर ‘FOR SALE IN WB ONLY’ अंकित पाया गया। इससे आशंका जताई जा रही है कि शराब को पश्चिम बंगाल से किसी दूसरे राज्य में खपाने के लिए ले जाया जा रहा था। ट्रेन के अल्प ठहराव को देखते हुए RPF टीम ने बरामद सामान को प्लेटफॉर्म के हावड़ा छोर पर उतारा। इसके बाद शनिवार तड़के करीब 3:30 बजे गवाहों की मौजूदगी में जब्ती की कार्रवाई पूरी की गई। RPF पोस्ट धनबाद के उप-निरीक्षक प्रशांत कुमार की लिखित शिकायत के आधार पर जब्त शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, धनबाद को सौंपा जाएगा। फिलहाल RPF और संबंधित विभाग शराब के स्रोत और तस्करी से जुड़े लोगों का पता लगाने में जुटे हैं।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क