Date: 05/11/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

चार साल से फाइलों में सड़क योजना ? भागीरथी हांसदा ने की जांच की मांग....

11/5/2026 5:36:30 PM IST

7
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : जमशेदपुर स्थित पोटका विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पोटका प्रखंड की माटकू पंचायत में विकास कार्यों की जमीनी हकीकत पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पाथरचाकड़ी से बाघमारा गांव तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) मद से स्वीकृत करीब 1.28 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास होने के बावजूद अब तक निर्माण शुरू नहीं होने का मामला सामने आया है।  7 नवंबर 2022 को आयोजित आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के दौरान इस सड़क का शिलान्यास तत्कालीन विधायक संजीव सरदार एवं सांसद विद्युत वरण महतो की उपस्थिति में किया गया था। उस समय ग्रामीणों के बीच मिठाइयां भी बांटी गई थीं और लोगों को उम्मीद जगी थी कि जल्द ही उनके गांव तक बेहतर सड़क की सुविधा पहुंचेगी। लेकिन शिलान्यास के बाद लगभग चार वर्ष बीत जाने के बावजूद सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से ग्रामीणों की उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
इस मामले को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के पूर्व प्रत्याशी भागीरथी हाँसदा ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सवाल किया कि आखिर शिलान्यास के चार साल बाद भी सड़क निर्माण कार्य क्यों शुरू नहीं हुआ? क्या केवल शिलान्यास और मिठाई बांटकर ग्रामीणों को विकास का सपना दिखाना ही जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है? भागीरथी हाँसदा ने इसे जनता के साथ अन्याय बताते हुए संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से पूरे मामले की अविलंब जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने सड़क निर्माण की वर्तमान स्थिति, स्वीकृत राशि, विभागीय प्रक्रिया और कार्य शुरू नहीं होने के कारणों को सार्वजनिक करने की मांग उठाई है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन से मांग की है कि पाथरचाकड़ी से बाघमारा तक स्वीकृत सड़क का निर्माण कार्य बिना किसी देरी के शुरू कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके। अब बड़ा सवाल यह है कि चार साल पहले जिस सड़क के शिलान्यास पर ग्रामीणों के बीच मिठाइयां बांटी गई थीं, वह सड़क आखिर कब बनेगी? क्या प्रशासन इस मामले की जांच कर जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करेगा, या ग्रामीणों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा?
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट |