Date: 17/03/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

विधानसभा में ‘हर घर जल’ योजना पर भड़कीं रागिनी सिंह ,कही झरिया में ‘हर घर जल’ योजना है ठप और मंत्री से मांगा जवाब

3/16/2026 4:29:32 PM IST

34
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
रांची: झरिया विधानसभा क्षेत्र में वर्षों से जारी पेयजल संकट और ‘हर घर जल’ योजना के अधूरे कार्य को लेकर झारखंड विधानसभा में झरिया की विधायक Ragini Singh ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि झरिया में पानी की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है, लेकिन सरकार की महत्वाकांक्षी योजना Jal Jeevan Mission की रफ्तार इतनी धीमी है कि आज तक इसका लाभ लोगों तक नहीं पहुंच सका है।
 
विधानसभा में सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि झरिया में हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई यह योजना वर्ष 2021 तक पूरी हो जानी थी, लेकिन आज 2026 में भी यह योजना पूरी तरह धरातल पर उतरती नहीं दिख रही है। कई इलाकों में पाइपलाइन का काम अधूरा पड़ा है और जलापूर्ति की व्यवस्था अब तक शुरू नहीं हो पाई है।
 
उन्होंने कहा कि झरिया में पहले से ही पानी की भारी किल्लत है और आने वाले गर्मी के मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है। ऐसे में यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो लोगों को भीषण जल संकट का सामना करना पड़ सकता है।
 
योजना में देरी पर सरकार से मांगा जवाब
 
विधायक रागिनी सिंह ने सदन में कहा कि झरिया के लोग वर्षों से पानी की समस्या झेल रहे हैं, लेकिन योजना की धीमी प्रगति से लोगों की उम्मीदें टूट रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब योजना की समयसीमा तय थी तो आखिर अब तक यह काम पूरा क्यों नहीं हो सका। उन्होंने यह भी बताया कि इस परियोजना के तहत वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में 20 मोटर बदलने का प्रावधान किया गया था, ताकि जलापूर्ति व्यवस्था मजबूत हो सके। लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस काम नहीं हुआ है और विभाग की ओर से केवल एनओसी (NOC) की प्रक्रिया में देरी का हवाला दिया जा रहा है।
 
“जनता को कब मिलेगा साफ पानी?” – रागिनी सिंह
 
विधायक रागिनी सिंह ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा— “झरिया के लोगों को वर्षों से पानी की समस्या झेलनी पड़ रही है। सरकार की योजनाएं कागजों पर चल रही हैं, लेकिन जमीन पर काम की गति बेहद धीमी है। हर घर जल योजना का काम 2021 तक पूरा होना था, लेकिन आज भी कई मोहल्लों में लोग पानी के लिए परेशान हैं। सरकार को इस पर तत्काल ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।”
 
मंत्री ने दिया धनबाद आकर समीक्षा का भरोसा
 
इस मुद्दे पर जवाब देते हुए नगर विकास विभाग के मंत्री Sudivya Kumar ने कहा कि कुछ तकनीकी कारणों और आवश्यक एनओसी नहीं मिलने के कारण कार्य में देरी हुई है।
 
मंत्री ने सदन को आश्वस्त करते हुए कहा—
 
“जल्द ही धनबाद पहुंचकर इस परियोजना की समीक्षा की जाएगी। एनओसी सहित अन्य तकनीकी समस्याओं को दूर कर योजना के कार्यों को तेजी से पूरा कराया जाएगा, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल सके।”
 
मंत्री के जवाब से असंतुष्ट दिखीं विधायक:
 
हालांकि मंत्री के जवाब पर विधायक रागिनी सिंह ने असंतुष्टता जताते हुए कहा कि झरिया के लोगों को लंबे समय से पानी की समस्या झेलनी पड़ रही है और अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। उन्होंने सरकार से इस मामले पर तत्काल संज्ञान लेकर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि योजना की प्रगति और खर्च की पूरी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि लोगों को यह पता चल सके कि उनके क्षेत्र में विकास कार्य किस स्थिति में हैं।अब विधानसभा में उठे इस मुद्दे के बाद यह देखना अहम होगा कि सरकार और संबंधित विभाग झरिया में हर घर जल योजना को जमीन पर उतारने के लिए कितनी तेजी से कदम उठाते हैं और क्षेत्र के लोगों को पेयजल संकट से कब राहत मिलती है।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क


सम्बंधित खबरें

#
 जेडीयू जिला कार्यालय कर्पूरी सभागार में नए अध्यक्ष का हुआ स्वागत,नए अध्यक्ष प्रो.सुशील कुमार सिन्हा ने संगठन को लेकर कहा ....
 

# जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने नीतिश सरकार एवं केंद्र की मोदी सरकार को घेरा ,कहा ...
# चिरकुंडा क्षेत्र में आवासित लोगों के अधिकार और सुरक्षा का मामला विधानसभा में जोरदार ढंग से उठाया विधायक राज सिन्हा,कहा ...
#
पूजा टॉकीज से जोड़ाफाटक तक प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण का मुद्दा विधानसभा में विधायक राज सिन्हा ने उठाया,जनहित के मुद्दों को लेकर  जनता में छा गए विधायक राज सिन्हा 
 

# वार्ड 11 के नवनिर्वाचित पार्षद पर लगा नियम उल्लंघन का आरोप