Date: 24/05/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बकरीद पर्व की तैयारियों को लेकर हुई समीक्षा बैठक, डीसी ने दिए निर्देश 

5/23/2026 7:24:00 PM IST

15
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
सरायकेला: आगामी बकरीद पर्व की तैयारियों को लेकर आज जिले के सभागार में व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने किया। वही बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि अनुमंडल और थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें कर स्थानीय व्यवस्थाओं का समय पूर्व निरीक्षण और आवश्यक तैयारियाँ पूरी की जाएँ। पर्व के दौरान सभी प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी अलर्ट रहें। पेयजल, बिजली, साफ-सफाई व स्वास्थ्य सेवाओं की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बैठक में निम्न निर्देश दिए गए नगर निकायों को कुर्बानी अवशेषों का समुचित और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने का कहा गया। पेयजल और विद्युत आपूर्ति निर्बाध रखने के निर्देश दिए गए। सदर अस्पताल व सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को सक्रिय मोड में रखा जाए; चिकित्सकीय दल 24x7 उपलब्ध रहें। सभी एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों को रेडी-टू-मूव स्थिति में तैनात रखा जाए। पशु पालन अधिकारियों को कार्यालय पर उपस्थित रहकर सक्रिय निगरानी रखने का निर्देश। उपायुक्त ने युवा वर्ग में बढ़ती बाइक रेसिंग, स्टंट और तेज गति पर विशेष चिंता जताई और कहा कि इन गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए सघन वाहन जांच अभियान और विशेष गश्ती दलों के गठन का निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पशु अवशेषों को सार्वजनिक स्थलों पर नहीं छोड़ा जाए। वैज्ञानिक व व्यवस्थित तरीके से अवशिष्टों का निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु गड्ढे खोदने और सुरक्षित निष्पादन की योजना लागू की जाएगी।
 
कोयलांचल लाइव के लिए सरायकेला से बसंत साहू की रिपोर्ट