Date: 10/07/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

श्रावणी मेला तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, दिए जरूरी निर्देश

7/10/2026 2:59:03 PM IST

21
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : 30 जुलाई से शुरू होने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुंगेर के जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने शुक्रवार को जिले के 26 किलोमीटर लंबे कच्ची कांवरिया पथ का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 को लेकर मुंगेर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ कच्ची कांवरिया पथ का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा, विश्राम स्थल, सुरक्षा, जल निकासी और सड़क मरम्मत सहित सभी तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला राज्य का प्रमुख धार्मिक आयोजन है, जिसमें देशभर से लाखों कांवरिया मुंगेर होकर बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग द्वारा तैयार की जा रही टेंट सिटी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए तीन के बजाय पांच टेंट सिटी बनाई जा रही हैं, जहां ठहरने, पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही उन्होंने सुरक्षा, स्वच्छता, आपदा प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। संबंधित अभियंताओं को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और दैनिक प्रगति रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मेला शुरू होने से पहले सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट