Date: 26/09/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बोधगया के रिसोर्ट में घुसकर स्टाफ से मारपीट का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

7/28/2026 4:35:18 PM IST

101
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : बिहार के बोधगया थाना क्षेत्र के नेवतापुर स्थित द हंगर बाइट रिसोर्ट में कुछ युवकों द्वारा कथित तौर पर घुसकर स्टाफ के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पूरी घटना रिसोर्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात कही जा रही है। मामले को लेकर रिसोर्ट प्रबंधन की ओर से बोधगया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। रिसोर्ट प्रबंधन के अनुसार, कुछ युवक पहले रिसोर्ट पहुंचे थे और शराब पीने के साथ-साथ स्विमिंग पूल में नहाने की जिद कर रहे थे। स्टाफ ने पूल का पानी गंदा होने की बात कहते हुए उन्हें कुछ देर इंतजार करने के लिए कहा। इसके बाद युवक वहां से चले गए। आरोप है कि उसी रात करीब आठ बजे अमर यादव, पंकज यादव और उनके साथ आए कुछ अन्य लोग कथित तौर पर दोबारा रिसोर्ट पहुंचे। प्रबंधन का आरोप है कि इस दौरान युवकों ने रिसोर्ट में घुसकर स्टाफ के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, रिसोर्ट में ठहरे ग्राहकों के साथ भी कथित तौर पर बदसलूकी की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद रिसोर्ट के स्टाफ मैनेजर ने मालिक रोशन कुमार को पूरे मामले से अवगत कराया। इसके बाद बोधगया थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद रिसोर्ट के स्टाफ में भय का माहौल बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट