Date: 08/09/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

भोजपुर में बाढ़ के बीच SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को प्राथमिकता
 

9/8/2026 12:57:52 PM IST

20
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aara : भोजपुर जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा के निर्देशन में SDRF की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन की टीमें संवेदनशील इलाकों में पहुंचकर जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटी हैं। रेस्क्यू अभियान में गर्भवती महिलाओं, डायलिसिस और कैंसर से पीड़ित गंभीर मरीजों, बुजुर्गों और बच्चों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके साथ ही अन्य जरूरतमंद और संवेदनशील लोगों को भी स्थिति के अनुसार रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है। SDRF की टीमें लगातार बाढ़ प्रभावित इलाकों में भ्रमण कर लोगों की स्थिति का जायजा ले रही हैं। जरूरत पड़ने पर तत्काल रेस्क्यू और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि बाढ़ के कारण किसी भी व्यक्ति को संकट की स्थिति में अकेला न छोड़ना पड़े।
 
24 घंटे सक्रिय है जिला आपातकालीन संचालन केंद्र : 
 
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिला आपातकालीन संचालन केंद्र को 24 घंटे सक्रिय रखा है। बाढ़ या किसी अन्य आपात स्थिति में सहायता के लिए लोग 94723 98730 और 06182-221233 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित लोगों तक राहत एवं बचाव सहायता पहुंचाने का काम जारी है।
 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट