Date: 25/09/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

मुंगेर में महाने नदी का कहर, तीसरी बार बहा डायवर्सन; जान जोखिम में डालकर नदी पार कर रहे ग्रामीण....
 

9/25/2026 12:18:12 PM IST

24
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : मुंगेर के टेटिया बंबर में महाने नदी की तेज धार ने एक बार फिर तबाही मचाई है। बरसंडा गांव के समीप निर्माणाधीन पुल के लिए बनाया गया डायवर्सन तीसरी बार नदी में बह गया। डायवर्सन पर करीब दो फीट पानी बह रहा है, जिससे दर्जनों गांवों का प्रखंड मुख्यालय, थाना, अस्पताल और बाजार से संपर्क बाधित हो गया है। हालात ऐसे हैं कि छात्र-छात्राएं, मरीज और ग्रामीण जान जोखिम में डालकर तेज धार के बीच नदी पार करने को मजबूर हैं। ये तस्वीरें टेटिया बंबर के बरसंडा गांव के समीप महाने नदी की हैं, जहां तेज बहाव के बीच डायवर्सन पूरी तरह बह गया है। बुधवार से रुक-रुककर हो रही लगातार बारिश और पहाड़ी-जंगली इलाकों में हुई तेज बारिश के बाद नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। तेज धार ने हाल में दुरुस्त किए गए डायवर्सन को भी अपने साथ बहा लिया। डायवर्सन टूटने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित है। इन दिनों कई स्कूलों में परीक्षाएं चल रही हैं, ऐसे में छात्र-छात्राएं जान जोखिम में डालकर नदी पार करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं मरीजों समेत जरूरी काम से प्रखंड मुख्यालय और बाजार जाने वाले ग्रामीण भी तेज बहाव के बीच नदी पार करने को मजबूर हैं।
बताया जाता है कि करीब दो सप्ताह के भीतर डायवर्सन तीसरी बार बहा है। पहले ह्यूम पाइप के ऊपर मिट्टी डालकर अस्थायी रूप से रास्ता बहाल किया गया था, लेकिन तेज पानी में वह भी बह गया।
बार-बार डायवर्सन बहने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था कराने और मजबूत व सुरक्षित डायवर्सन बनाने की मांग की है।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट