Date: 17/10/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

डायन के शक पर महिला की पीटकर की हत्या, स्वास्थ्य केंद्र अमरथ के पीछे झाड़ी में फेंका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस...

10/17/2026 11:44:16 AM IST

8
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamui : टाउन थाना क्षेत्र के अमरथ गांव में डायन का आरोप लगाकर एक महिला की पीटकर हत्या कर देने का मामला सामने आया है। शुक्रवार की शाम 4 बजे स्वास्थ्य केंद्र अमरथ के पीछे झाड़ी में महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका महिला की पहचान बेलदारिया मुसहरी निवासी रूपा मांझी के रूप में की गई है। घटना की जानकारी उस वक्त हुई जब घास काटने गए एक युवक की नजर शव पर पड़ी। इसके बाद देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ लग गई और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर प्रभारी एसडीपीओ अभिषेक कुमार और टाउन थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार दलबल के साथ पहुंचे और घटना की जांच पड़ताल की। साथ ही ग्रामीणों से भी घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी ली गई। इसके बाद एफएसएल की टीम द्वारा घटना स्थल की बारीकी से जांच की गई और देर शाम महिला के शव को सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर द्वारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।अर्धनग्न अवस्था में शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद न तो परिवार का कोई सदस्य घटना स्थल पर पहुंचा और न ही मुसहरी टोला का कोई व्यक्ति आया है, जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि महिला पर डायन का आरोप लगाकर कुछ ग्रामीणों द्वारा पिटाई की गई है, जिससे महिला की मौत हो गई और साक्ष्य छुपाने के लिए शव को झाड़ी में फेंक दिया गया है। घटना के बाद आरोपित फरार बताए जा रहे हैं। दरअसल, कुछ दिन पहले गांव के ही बिहारी मांझी के पुत्र संदीप मांझी की मौत हुई थी। इसके बाद महिला पर भूत-प्रेत करने का शक जताया जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी अंधविश्वास और गुस्से में महिला की हत्या कर दी गई। हालांकि हत्या के कारण और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। वहीं अमरथ पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि विजय ठाकुर ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि झाड़ी में महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना के बाद वे मौके पर पहुंचे और पहचान कर थाना को सूचना दी। लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक महिला की पीटकर हत्या डायन और भूत-प्रेत के शक के आधार पर की गई है। इस पूरे मामले में पुलिस जांच में जुटी है और एफएसएल की टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। फिलहाल आरोपितों की पहचान नहीं हो पाई है।
 
जमुई से कोयलांचल लाइव के लिए पुरुषोत्तम कुमार की रिपोर्ट।