Date: 31/10/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

ऑनलाइन गेम के नाम पर ठगी का खेल, पुलिस ने किया गिरोह का पर्दाफाश .......

10/30/2026 2:34:28 PM IST

17
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
जमशेदपुर : जमशेदपुर और रामगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने बिरसानगर के डुंगरी टोला, ओम नगर रोड नंबर-2 स्थित एक मकान में छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से पुलिस ने  पांच लैपटॉप, 25 मोबाइल फोन, 102 एटीएम एवं डेबिट कार्ड और 67 सिम कार्ड समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद की है। पुलिस के अनुसार रामगढ़ साइबर अपराध थाना में दर्ज कांड संख्या 05/2026 की जांच के दौरान गिरोह के बिरसानगर से संचालित होने का सुराग मिला था, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जमशेदपुर साइबर थाना, बिरसानगर थाना और रामगढ़ साइबर थाना की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर टीम ने 29 अक्टूबर को मकान के प्रथम तल पर छापेमारी की। ग्रामीण एसपी के अनुसार आरोपी ‘GET&ID’ नामक ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को गेम खेलने के लिए प्रोत्साहित करते थे। शुरुआत में कम रकम लगाकर बड़ा इनाम जीतने का लालच दिया जाता था। रकम हारने के बाद खिलाड़ी को अगली बार बड़ा दांव लगाकर पिछला नुकसान वापस पाने का भरोसा दिलाया जाता था। इसी तरीके से लोगों से रकम जमा कराई जाती थी। इसके बाद पैसे अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर एटीएम कार्ड के माध्यम से नकद निकासी की जाती थी। गिरफ्तार आरोपियों में गोलमुरी निवासी एम. मनु प्रकाश (31), टेल्को निवासी मो. फरहान (21), बिरसानगर निवासी राहुल मिंज, बिरसानगर निवासी अभिषेक राज (करीब 25) और सीतागोड़ा निवासी श्रवण सोना (23) शामिल हैं। पुलिस ने मौके से नौ बैंक पासबुक, हिसाब-किताब से संबंधित चार नोटबुक एवं रजिस्टर तथा 8,440 रुपये नकद भी जब्त किए। इसके अलावा वाईफाई राउटर, नेटवर्क केबल, चार्जर, एक मोटरसाइकिल और पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद किए गए हैं 
 
 जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट