Date: 19/11/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

छठ पर्व के जागरण में भक्ति की जगह भोजपुरी गानों पर डांस! अतिथियों के जाते ही बदला मंच का नजारा, वीडियो वायरल!

11/18/2026 5:46:43 PM IST

16
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Munger : मुंगेर में भक्ति जागरण के नाम पर धार्मिक आयोजनों की मर्यादा तार-तार होने का मामला सामने आया है। छठ जैसे लोक आस्था के महापर्व पर आयोजित जागरण कार्यक्रम में भक्ति गीतों की जगह भोजपुरी के फूहड़ गानों पर डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोप है कि जब तक मुख्य अतिथि और गणमान्य लोग मौजूद रहते हैं, तब तक मंच पर भक्ति गीतों की प्रस्तुति होती है, लेकिन उनके जाते ही भक्ति का मंच आर्केस्ट्रा में तब्दील हो जाता है। ताजा मामला टेटिया बंबर प्रखंड के शिवनगर गांव का है, जहां वायरल वीडियो ने धार्मिक आयोजनों की आड़ में परोसे जा रहे फूहड़ मनोरंजन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल, मुंगेर जिले में भक्ति जागरण के नाम पर आयोजित होने वाले कई कार्यक्रमों में अश्लीलता और फूहड़ मनोरंजन की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। आरोप है कि जागरण के नाम पर टीम बुक की जाती है। कार्यक्रम की शुरुआत भजन और भक्ति गीतों से होती है। इस दौरान मुख्य अतिथि और क्षेत्र के गणमान्य लोग भी मौजूद रहते हैं, लेकिन जैसे ही अतिथि कार्यक्रम स्थल से विदा होते हैं, वैसे ही कार्यक्रम का स्वरूप बदल जाता है। भक्ति गीतों की जगह भोजपुरी के फूहड़ गाने बजने लगते हैं और धार्मिक मंच पर डांस शुरू हो जाता है। कई आयोजनों में बार बालाओं के डांस की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। ताजा मामला टेटिया बंबर प्रखंड के शिवनगर गांव का है। यहां छठ के अवसर पर आयोजित भक्ति जागरण का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में भोजपुरी गानों पर कुछ युवक मंच के सामने डांस करते नजर आ रहे हैं। वहीं,जागरण टीम के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि कार्यक्रम की शुरुआत पूरी तरह भक्ति गीतों से हुई थी, लेकिन देर रात आयोजन से जुड़े कुछ लोगों ने दबाव बनाकर कलाकारों से भोजपुरी गानों पर डांस करवाया और भक्ति जागरण को आर्केस्ट्रा में तब्दील कर दिया। इधर, थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार केहरी ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। फिलहाल इस मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वायरल वीडियो की जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी सवाल यह है कि आखिर धार्मिक आयोजनों के नाम पर आस्था और संस्कृति की मर्यादा से खिलवाड़ कब तक होता रहेगा? क्या भक्ति जागरण के आयोजनों में अश्लीलता और फूहड़ मनोरंजन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन कोई ठोस कदम उठाएगा? अब सबकी निगाहें पुलिस की जांच और कार्रवाई पर टिकी हैं।

 

मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट