Date: 04/11/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, युवक की मौत के बाद भड़का जनआक्रोश, पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ और पथराव
 

11/4/2026 11:55:06 AM IST

39
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद के झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग पर मंगलवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद जमकर बवाल हुआ। ऊपर कुल्ही के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार 28 वर्षीय जहांगीर को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत से गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया। इस दौरान कई वाहनों के शीशे तोड़े गए और झरिया पुलिस के गश्ती वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस को पीछे हटना पड़ा। बाद में सिंदरी एसडीपीओ समेत कई थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। दरअसल, हादसा झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग पर ऊपर कुल्ही स्थित सिकंदर पटाखा दुकान के समीप हुआ। जानकारी के अनुसार धनसार की ओर से आ रहा ट्रक संख्या HR 58B 7375 कतरास मोड़ की ओर जा रही बाइक संख्या JH 10 DC 5595 को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार जहांगीर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागने लगा, लेकिन इंदिरा चौक के समीप ट्रक अनियंत्रित होकर रामजी पंडित की गुमटी में जा घुसा। टक्कर से गुमटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, रामजी कुछ देर पहले ही दुकान बंद कर घर जा चुके थे, जिससे एक और बड़ा हादसा टल गया। इधर, जहांगीर की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। उग्र भीड़ ने कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए। मौके पर पहुंचे झरिया पुलिस के गश्ती दल के दो वाहनों को भी निशाना बनाया गया। हालात बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों को अपने वाहन लेकर घटनास्थल से हटना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिंदरी एसडीपीओ के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। वहीं, लोग मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। मृतक जहांगीर बालू बंकर निवासी मोहम्मद जाकिर का पुत्र था। वह झरिया मेन रोड में डेंटिंग-पेंटिंग का काम करता था। परिवार में पत्नी और एक छोटा बच्चा है। बताया जाता है कि हादसे के वक्त उसकी पत्नी रिश्तेदार की शादी में शामिल होने पश्चिम बंगाल स्थित अपने मायके गई हुई थी। जहांगीर ने रात तक घर लौटने की बात कही थी, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। हादसे के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क