Date: 12/03/2025 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, यात्री बस से 8 किलो गांजा बरामद, कंडक्टर गिरफ्तार

1/18/2025 2:36:08 PM IST

7347
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : जमशेदपुर के बरसोल थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है, जहां गुप्त सूचना के आधार पर एक यात्री बस से पुलिस ने 8 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये आंकी जा रही है। ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने शनिवार को  इसकी जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा से पश्चिम बंगाल जाने वाले एक यात्री बस में गांजे की खेप जा रही  है, उसके बाद एक टीम का गठन किया गया। मगर बस के चालक को इसकी भनक लग जाने के कारण उसने कच्चे रास्ते से बस को ले जाने का प्रयास किया, मगर पुलिस की सक्रियता से बरसोल थाना क्षेत्र में यात्री बस को धर दबोचा गया। तलाशी के दौरान उसमें से 8 किलो गांजा बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि बस के कंडक्टर की मिली भगत से ही गांजा का कारोबार चल रहा था। कंडक्टर जयंत दास को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि नशा के खिलाफ जमशेदपुर पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। वहीं पड़ोसी जिला सरायकेला के आदित्यपुर से ब्राउनशुगर का कारोबार समाप्त करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जमशेदपुर पुलिस भी इसी प्रयास में है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जमशेदपुर में भी स्पेशल ड्राइव चलाया जा रहा है। जल्द ही जमशेदपुर भी नशा मुक्त जिला होगा इसके लिए सभी को आगे आने की जरूरत है। 
 
कोयलांचल लाइव के लिए जमशेदपुर से मो. अकबर की रिपोर्ट