Date: 13/02/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 जेल में बंद बसंती के जीवन में आई एक नन्ही परी ,बसंती के चेहरे पर दिखी खुशी की झलक 

2/12/2026 2:07:45 PM IST

32
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jahanabad : कभी कभी जीवन सबसे कठिन परिस्थितियों में भी उम्मीद की नई किरण जगा देता है। कुछ ऐसा ही दृश्य  देखने को मिला,जब जेल की सलाखों के पीछे बंद एक महिला बंदी के जीवन में मातृत्व की खुशियां दस्तक दे गईं। हत्या के एक मामले में पिछले आठ माह से मंडल कारा काको में बंद बसंती के जीवन में एक नन्ही परी ने जन्म लिया है। बसंती देवी मखदुमपुर थाना क्षेत्र के इक्कील गांव की रहने वाली है। जेल में बंद रहने के दौरान एक दिन अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी थी।चिकित्सकीय जांच कराए जाने पर यह जानकारी सामने आई कि वह गर्भवती है। इसके बाद जेल प्रशासन की ओर से मामले को गंभीरता से लेते हुए जेल अधीक्षक को सूचित किया गया। जेल अधीक्षक के निर्देश पर महिला बंदी की नियमित स्वास्थ्य जांच कराई जाने लगी और उसे आवश्यक चिकित्सकीय देखरेख उपलब्ध कराई गई। मंगलवार की रात जब बसंती को तेज प्रसव पीड़ा होने लगी,तब जेल प्रशासन की तत्परता देखने को मिली। जेल सुपरिंटेंडेंट के आदेश पर महिला बंदी को तुरंत पुलिस अभिरक्षा में जहानाबाद सदर अस्पताल लाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उसका सामान्य प्रसव कराया गया, जिसमें उसने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। महिला बंदी के साथ अस्पताल पहुंचे पुलिसकर्मियों ने बताया कि प्रसव के दौरान पूरी सावधानी बरती गई और समय रहते उसे अस्पताल पहुंचा दिया गया, जिससे किसी तरह की जटिलता उत्पन्न नहीं हुई। बच्ची के जन्म के बाद बसंती के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। जेल की दीवारों के बीच रहते हुए मां बनने की अनुभूति उसके लिए भावुक कर देने वाली रही। सदर अस्पताल की महिला रोग विशेषज्ञ डा नाहिद शिरीन ने बताया कि जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। बसंती की यह दूसरी संतान है और उसकी नार्मल डिलीवरी हुई है। चिकित्सकीय प्रोटोकॉल के तहत महिला को 48 घंटे तक अस्पताल में  में रखा जाएगा।अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद बसंती को नवजात बच्ची के साथ पुनः जेल भेजा जाएगा। नियमों के अनुसार,जब तक उसे जमानत नहीं मिल जाती,तब तक बच्ची मां के साथ जेल में ही रहेगी। इस घटना ने जेल प्रशासन की संवेदनशीलता के साथ-साथ मानवता की एक मिसाल भी पेश की है।
 
जहानाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए पंकज कुमार की रिपोर्ट