Date: 30/04/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 गैस सिलेंडर की किल्लत से मिडिल स्कूल ऊंटा में रुका मध्याह्न भोजन !

3/14/2026 4:19:49 PM IST

164
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jahanabad :जहानाबाद शहर के मिडिल स्कूल ऊंटा में गैस सिलेंडर की आपूर्ति नहीं होने से मध्याह्न भोजन योजना के संचालन में घोर दिक्कतें आने लगी । ऐसी स्थिति में विभागीय निर्देश के अनुसार विद्यालय में वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए रसोइयों से ईंट का अस्थायी चूल्हा तैयार कराया जा रहा है, ताकि बच्चों के लिए बनने वाला भोजन किसी भी हालत में बाधित न हो। बताया जाता है कि विद्यालय में पिछले कुछ समय से गैस सिलेंडर समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इसके कारण रसोइयों को मध्याह्न भोजन तैयार करने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को देखते हुए शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार अस्थायी तौर पर ईंट का चूल्हा बनाकर भोजन बनाने की व्यवस्था शुरू की गई है। विद्यालय परिसर में रसोइयों की मदद से ईंटों को जोड़कर चूल्हा तैयार किया जा रहा है, जिस पर बच्चों के लिए भोजन बनाया जाएगा। विद्यालय प्रशासन का कहना है कि बच्चों को मिलने वाला मध्याह्न भोजन किसी भी परिस्थिति में बंद नहीं होने दिया जाएगा और इसके लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। ईट का चूल्हा बन जाने को बाद मध्यान भोजन में परेशानी नहीं होने की उम्मीद है विद्यालय के प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने की वजह से यह वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि विभाग के दिशा-निर्देश के अनुसार रसोइयों से ईंट का चूल्हा बनवाया जा रहा है, ताकि समय पर बच्चों के लिए भोजन तैयार किया जा सके और योजना सुचारू रूप से चलती रहे। उन्होंने यह भी बताया कि जैसे ही गैस सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य होगी, विद्यालय में फिर से गैस चूल्हे पर ही भोजन बनाना शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल बच्चों के हित को ध्यान में रखते हुए यह अस्थायी व्यवस्था की गई है, जिससे मध्याह्न भोजन योजना का लाभ विद्यार्थियों को लगातार मिलता रहे।
 
जहानाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए पंकज कुमार की रिपोर्ट