Date: 05/04/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

मुनीडीह में गैस कटर सिलेंडर फटने से दो की मौत, दो घायल, इलाज जारी 

4/5/2026 1:18:07 PM IST

41
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad: धनबाद के मुनीडीह क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गैस कटर सिलेंडर अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया। बताया जा रहा है की घटना के वक्त वहां 8 से 10 लोग मौजूद थे। जैसे ही सिलेंडर फटा, उसकी गैस बेहद तेजी और भयावह तरीके से बाहर निकलने लगी, जिससे आसपास मौजूद लोगों की स्थिति गंभीर हो गई। दम घुटने जैसे हालात बन गए और चार लोग गैस की चपेट में आकर गंभीर रूप से प्रभावित हो गए। हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) ले जाया गया, जहां स्थिति बेहद नाजुक बनी रही। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान दो लोग संजय यादव और मोहम्मद अजहरुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। वहीं मोहम्मद अब्राहिम और मोहम्मद इमामुद्दीन का इलाज अस्पताल में जारी है। संजय यादव के परिजनों ने बताया कि वह दोस्त के साथ काम करने जाने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात करीब 1 बजे वह अचानक घर पहुंचे और तेज सांस फूलने, खांसी और बेचैनी की शिकायत करने लगे। परिजनों के अनुसार वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे। पूछने पर केवल इतना बताया कि गैस सिलेंडर फट गया। किस काम के लिए गए थे, यह स्पष्ट रूप से नहीं बता पाए। उनकी स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी, मुंह से झाग भी निकलने लगा, जिसके बाद परिजन उन्हें एसएनएमएमसीएच लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसी हादसे में संजय के साथ मौजूद एक और व्यक्ति की भी मृत्यु हो गई, जबकि दो लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। घटना की जानकारी थाना पुलिस को दे दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच की जा रही है।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क