Date: 09/08/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 बंद खदान में डूबी किशोरी का पांचवें दिन मिला शव

5/2/2026 4:14:52 PM IST

97
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद के चिरकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्तर पंचायत के बाउरी टोला में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां 13 वर्षीय रंपा बाउरी का शव आज पांचवें दिन खदान के पानी में तैरता हुआ बरामद किया गया। जानकारी के अनुसार, बीते मंगलवार 28 अप्रैल को रंपा बौरी पास स्थित ईसीएल की बंद खदान में नहाने गई थी। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गई और लापता हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और खदान में उतरकर उसे बचाने और खोजने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। अगले दिन स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया, जिन्होंने घंटों तक पानी में तलाश की, लेकिन रंपा का कोई सुराग नहीं मिल सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया, जिसने कई दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया, फिर भी कुछ हासिल नहीं हुआ। आज, घटना के पांचवें दिन, अचानक रंपा बौरी का शव खदान के पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने शव को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने बंद खदानों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है, जहां अक्सर लोग नहाने जाते हैं और इस तरह के हादसे सामने आते हैं।
 
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क