Date: 08/08/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

गवाही देकर लौट रही महिला की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम

8/8/2026 12:29:15 PM IST

31
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

जहानाबाद : अरवल जिले के करपी थाना क्षेत्र अंतर्गत जहानाबाद-अरवल मुख्य मार्ग पर बाजितपुर मोड़ के समीप बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने फायरिंग कर एक महिला की हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृत महिला की पहचान 28 वर्षीय शोभा कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि शोभा कुमारी अपने दूसरे पति पप्पू कुमार के साथ अरवल न्यायालय में गवाही देने आई थी। न्यायालय में गवाही देने के बाद दोनों ऑटो से देर शाम जहानाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान बाजितपुर मोड़ के समीप पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने ऑटो को रोक लिया और शोभा कुमारी को ऑटो से खींचकर गोली मार दी। गोली लगने से महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि घटना के दौरान उसका पति पप्पू कुमार बाल-बाल बच गया। घटना की सूचना मिलते ही अरवल एसडीपीओ और करपी थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस उपाधीक्षक कुमार संजय ने बताया कि घटनास्थल से दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस के अनुसार, पप्पू कुमार मूल रूप से अरवल जिले के चिरारी बिगहा गांव के रहने वाले हैं और वर्तमान में जहानाबाद के टेनी बिगहा में रहते हैं। मृतका का अपने पूर्व पति रविंद्र राम के साथ कई वर्षों से विवाद चल रहा था। मृतका के दूसरे पति पप्पू कुमार के बयान पर पूर्व पति रविंद्र राम समेत अन्य लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

 

जहानाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए पंकज कुमार की रिपोर्ट