Date: 25/05/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बादल के फुटबॉल किक के फैन हुए बच्चे, महावत कर रहा देखभाल 

5/25/2026 2:12:44 PM IST

8
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

सरायकेला : छह महीने का नन्हा हाथी 'बादल' अब पर्यटकों और वनकर्मियों का मनोरंजन बन रहा है। दरअसल दिसंबर 2025 में पोड़ाहाट जंगल से रेस्क्यू कर यहां लाया गया बादल अब स्वस्थ है और उसकी देखभाल दो अनुभवी महावत कर रहे हैं। महावत कहते है की वो सुबह, शाम और रात तीनों पहर बादल के साथ रहते हैं। उसे खाना खिलाना, नहलाना और देखभाल उनकी जिम्मेदारी है। गर्मी के दिनों में बादल दिन में तीन-चार बार नहाता है और नहाने के बाद फुटबॉल के साथ खेलता भी दिखाई देता है। महावत के बुलाने पर वह आवाज में जवाब देता है, जिससे पर्यटक खासकर बच्चे बहुत खुश होते हैं। वर्तमान में बादल को माकुलाकोचा चेक नाका पर स्थित हिरण पार्क में रखा गया है, जहाँ उसकी सहवासिनी एक मादा हाथी 'रजनी' भी हैं। वन विभाग का कहना है कि बादल अब पूरी तरह स्वस्थ है और वजन बढ़ रहा है। विभाग कोशिश कर रहा है कि उसे प्राकृतिक माहौल दिया जाए ताकि भविष्य में उसे जंगल में छोड़ा जा सके। जानकारी के अनुसार जब रिस्क्यू हुआ था, बादल बहुत कमजोर था। अब वह ठीक है और आगे की योजना इसी हिसाब से बनाई जा रही है। यह छोटा बादल अब दलमा आने वाले पर्यटकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पर्यटक आ रहे हैं और वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है। प्रकृति की रक्षा के साथ-साथ पर्यटन को भी फायदा मिल रहा है। अब देखना यह होगा की वन प्रशासन बादल के भविष्य के लिए क्या योजना बनाता है।

कोयलांचल लाइव के लिए सरायकेला से बसंत साहू की रिपोर्ट