Date: 25/05/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

यात्री कृपा ध्यान दे, कही आप शराब पर तो नहीं बैठ रहे, पुलिस ने खोला शराब माफियाओं का नया राज़ 

5/25/2026 2:12:44 PM IST

12
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad: धनबाद पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब की खेप को बिहार ले जा रहे एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्कर ऑटो रिक्शा की सीट के नीचे शराब छिपाकर ले जा रहा था। पुलिस ने 400 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब, ऑटो रिक्शा और मोबाइल फोन जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी बिहार के बेगूसराय जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। सोमवार को मामले की जानकारी धनबाद मुख्यालय डीएसपी-2 मोहम्मद नजीर अख्तर ने प्रेसवार्ता कर दी। डीएसपी मोहम्मद नजीर अख्तर ने बताया कि रविवार को पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र के बड़बाद जंगल मेन रोड के पास वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गोविंदपुर की ओर से आ रहे एक सवारी ऑटो को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही चालक ऑटो छोड़कर भागने लगा। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान ऑटो की सीट के नीचे शातिर तरीके से छिपाकर रखी गई 400 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह शराब की खेप को झारखंड से बिहार ले जाकर बेचने वाला था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 37 वर्षीय ललन कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के बेगूसराय जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पूर्वी टुंडी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क