Date: 30/05/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

हल्की बारिश में बाजार और घर के रास्ते हुए बदहाल, लोग हुए परेशान 

5/29/2026 1:52:45 PM IST

23
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jehanabad: सरकार के द्वारा साफ सफाई पर भले ही विभिन्न माध्यमों से लाखों रुपए खर्च की जा रही है लेकिन जमीनी हकीकत का पोल हल्की बारिश ने खोलकर रख दिया है आज अचानक जहानाबाद जिले के हुलासगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित मुख्य बाजार में शुक्रवार को  आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने स्थानीय प्रशासनिक दावों की पोल खोलकर रख दी. महज कुछ घंटों की भारी बारिश के कारण पूरा बाजार क्षेत्र जलमग्न हो गया और नालियों का गंदा पानी उफान मारते हुए एक दर्जन से अधिक दुकानों और कई रिहायशी घरों में घुस गया.बारिश शुरू होते ही हुलासगंज बाजार की मुख्य सड़क ने किसी तालाब का रूप ले लिया. नालियों की समुचित सफाई न होने के कारण पानी की निकासी पूरी तरह ठप हो गई और देखते ही देखते दुकानों के अंदर गंदा पानी भरने लगा. इस अचानक आई आफत से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदार आनन-फानन में अपना कीमती सामान ऊंचे स्थानों पर छिपाते और हटाते नजर आए. वहीं, घरों में पानी घुस जाने से लोगों का चूल्हा-चौका तक प्रभावित हो गया.स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने बताया कि पूरे बाजार के पानी की निकासी के लिए मुख्य सड़क के समानांतर एक मुख्य नाले का निर्माण कराया गया था. लेकिन लापरवाही का आलम यह है कि पिछले 10 वर्षों से इस नाले की उड़ाही (सफाई) नहीं कराई गई है. लंबे समय से सफाई न होने के कारण नाला पूरी तरह से जाम हो चुका है.स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि नाला जाम रहने के कारण आम दिनों में भी सड़कों पर गंदा पानी बहता रहता है. इसके कारण अंदरूनी बाजार में ग्राहकों का आना-जाना दूभर हो गया है, जिससे उनका व्यापार पूरी तरह ठप होने की कगार पर है. दुकानों तक थोक माल पहुंचाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.बाजार के  व्यवसायी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अपनी गहरी नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर वर्तमान विधायक से कई बार लिखित और मौखिक शिकायत की गई और ठोस कदम उठाने की मांग की गई, लेकिन अब तक आश्वासन के सिवा कुछ हासिल नहीं हुआ. फिलहाल हुई वर्षा के कारण दुकानदारों से लेकर बाजार के लोगों की परेशानी बढ़ी हुई है लोग किसी तरह अपने घर में घुसे पानी को बाहर निकलने में जुटे हैं। 
 
कोयलांचल लाइव के लिए जहानाबाद से पंकज की रिपोर्ट