Date: 08/06/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

अंतरधार्मिक विवाह बना चर्चा का विषय, प्रेमी युगल ने हिंदू रीति-रिवाज से रचाई शादी।

6/8/2026 2:32:35 PM IST

40
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : निरसा क्षेत्र के आंखद्वारा में एक अंतरधार्मिक प्रेम विवाह इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां के निवासी विपुल मंडल ने बिहार के नवादा जिले की रहने वाली राहत प्रवीण के साथ हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह किया है। दोनों का कहना है कि उन्होंने यह फैसला अपनी इच्छा और आपसी सहमति से लिया है। इस विवाह को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। जानकारी के अनुसार विपुल मंडल और राहत प्रवीण की पहचान वर्ष 2023 में हुई थी। समय के साथ इंटरनेट पर दोनों के बीच दोस्ती गहरी होती गई और यह रिश्ता प्रेम में बदल गया। दोनों ने धर्म, जाति और सामाजिक बंधनों से ऊपर उठकर जीवनभर साथ रहने का निर्णय लिया। निरसा के आंखद्वारा में आयोजित विवाह समारोह हिंदू परंपरा के अनुसार संपन्न हुआ। विवाह के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वर-वधू ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और सिंदूरदान की रस्म भी निभाई। विवाह समारोह में मौजूद लोगों ने नवदंपति को शुभकामनाएं दीं और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। मीडिया से बातचीत में राहत प्रवीण और विपुल मंडल ने स्पष्ट किया कि यह विवाह किसी दबाव का परिणाम नहीं है। दोनों ने कहा कि वे एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और अपनी स्वेच्छा से विवाह के बंधन में बंधे हैं। राहत प्रवीण ने कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी से यह निर्णय लिया है और उन पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है। नवदंपति ने बताया कि वे आगे का जीवन आपसी सम्मान, प्रेम और विश्वास के साथ बिताना चाहते हैं। इस विवाह को कई लोग सामाजिक सौहार्द और आपसी समझ का उदाहरण मान रहे हैं। वहीं यह विवाह क्षेत्र में प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को लेकर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क