Date: 15/08/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

खेत से किसान का संदिग्ध हालत में शव मिला, वज्रपात से मौत की आशंका

6/7/2026 2:22:54 PM IST

97
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : मुंगेर में खेत में लगे फसल की देख भाल करने गए एक किसान का शव संदिग्ध हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। किसान के शरीर पर जले के निशान मिले हैं, जबकि आंख, कान और नाक से खून निकलने की बात सामने आई है। प्रथम दृष्टया मामला वज्रपात से मौत का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है। घटना बरियारपुर थाना क्षेत्र के रतनपुर स्थित काजीचक बहियार की है। मृतक की पहचान बरियारपुर थाना क्षेत्र के कल्याणटोला निवासी 50 वर्षीय विजय सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से किसान थे। परिजनों के अनुसार विजय सिंह शनिवार की दोपहर करीब 3 बजे रतनपुर स्थित अपने खेत में भिंडी तोड़ने के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, मगर उनका कोई पता नहीं चल सका। आज ग्रामीणों को विजय सिंह का शव भिंडी के खेत में पड़ा मिला। शव की हालत देखकर लोग दंग रह गए। परिजनों का कहना है कि मृतक के आंख, कान और नाक से खून निकल रहा था, जबकि सीने पर जलने जैसा गहरा काला निशान था। घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलने के बाद बरियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जो घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला वज्रपात से मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।मृतक अपने पीछे पत्नी पनकी देवी सहित छह बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट