Date: 13/06/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 NGT प्रतिबंध के बीच खनन विभाग की कार्रवाई, दो बालू लदे ट्रैक्टर जब्त

6/13/2026 11:52:47 AM IST

21
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : 10 जून से पूरे देश में लागू NGT के प्रतिबंध के बाद धनबाद का खनन विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में शनिवार सुबह महुदा थाना क्षेत्र के तेलमच्चो में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया गया, जहां दो बालू लदे ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। NGT के प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए धनबाद खनन विभाग की टीम शनिवार सुबह निरीक्षण पर निकली। माइनिंग इंस्पेक्टर श्यामानंद सिंह और ब्रह्मदेव यादव के नेतृत्व में टीम महुदा थाना क्षेत्र के तेलमच्चो घाट पहुंची। सुबह करीब 8 बजे तेलमच्चो ब्रिज के पास टीम ने अवैध बालू परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टरों को रोका। दोनों ट्रैक्टरों पर करीब 100 सीएफटी बालू लदा हुआ था। जांच के दौरान चालकों से बालू परिवहन से संबंधित वैध कागजात और परमिट की मांग की गई, लेकिन वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद खनन विभाग ने दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर महुदा थाना के सुपुर्द कर दिया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि NGT प्रतिबंध अवधि के दौरान अवैध बालू उठाव, परिवहन और भंडारण के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।
 
धनबाद से कोयलांचल लाइव के लिए दीपक कुमार की रिपोर्ट