Date: 26/06/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

दोमरदे जलाशय बनेगा सिंचाई और पर्यटन का नया हब, किसानों को मिलेगा सिंचाई की सुविधा

6/25/2026 4:16:36 PM IST

20
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर प्रखंड में बन रहा दोमरदे जलाशय आने वाले दिनों में सिंचाई के साथ-साथ पर्यटन का भी बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। जल जीवन हरियाली अभियान के तहत बन रहे इस प्रोजेक्ट से मुंढेरी, बैजलपुर, रतैठा समेत आसपास के कई पंचायतों के किसानों को सालभर सिंचाई की सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि जलाशय के बीच टापूनुमा पर्यटन केंद्र भी विकसित किया जाएगा, जहां लोग बोटिंग और स्थानीय संस्कृति का आनंद ले सकेंगे। देखिए ये खास रिपोर्ट। मुंगेर के हवेली खड़गपुर प्रखंड के मुंढेरी पंचायत में 7 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत से दोमरदे जलाशय का निर्माण कराया जा रहा है। लगभग 52 एकड़ में फैला यह जलाशय अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और करीब 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। जलाशय बनने से मुंढेरी, बैजलपुर, रतैठा समेत आसपास के कई पंचायतों के हजारों हेक्टेयर खेतों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। अब तक बारिश पर निर्भर रहने वाले किसानों को सालभर पानी उपलब्ध हो सकेगा, जिससे किसान दो फसलों की जगह तीन से चार फसल तक उगा सकेंगे। जलाशय से खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए दो पैन का निर्माण कराया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार खड़गपुर और परसंडो झील को पाइपलाइन के जरिए जलाशय से जोड़ा गया है, ताकि सालभर पानी का संग्रह बना रहे।
 जल संरक्षण के साथ यह परियोजना भूजल स्तर को रिचार्ज करने में भी मददगार साबित होगी। दोमरदे जलाशय की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे केवल सिंचाई परियोजना तक सीमित नहीं रखा गया है। जिला प्रशासन इसे पर्यटन केंद्र के रूप में भी विकसित करने की तैयारी में है।  कार्यपालक अभियंता ने बताया कि जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर के निर्देश पर जलाशय के बीच करीब पांच एकड़ भूमि को टापूनुमा स्वरूप में सुरक्षित रखा गया है। यहां कैफेटेरिया, पार्क, बैठने की आकर्षक व्यवस्था और मिथिला हाट का निर्माण कराया जाएगा। पर्यटक मोटर बोट के जरिए पानी के बीच बने इस टापू तक पहुंच सकेंगे, जो लोगों के लिए रोमांचकारी अनुभव होगा। सिंचाई, जल संरक्षण और पर्यटन तीनों उद्देश्यों को साथ लेकर तैयार हो रहा दोमरदे जलाशय मुंगेर के विकास की नई तस्वीर पेश कर रहा है। उम्मीद है कि यह परियोजना किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय रोजगार के अवसर भी पैदा करेगी। जिला प्रशासन को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में यह परियोजना न केवल किसानों की तस्वीर बदलेगी, बल्कि खड़गपुर क्षेत्र को पर्यटन मानचित्र पर भी नई पहचान दिलाएगी।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट