Date: 08/07/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 45,600 पैकेट नकली सिगरेट जब्त, दो गिरफ्तार

7/8/2026 3:49:55 PM IST

11
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो थाना पुलिस ने नकली सिगरेट के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने करीब 39 लाख रुपये मूल्य की डुप्लीकेट सिगरेट बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में एक स्कूटी भी जब्त की गई है, जबकि पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। सिटी एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि स्कूटी के जरिए नकली सिगरेट की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर मानगो थाना पुलिस ने जवाहर नगर क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान एक स्कूटी पर सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई, जहां से 500 पैकेट डुप्लीकेट सिगरेट बरामद हुई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि सिगरेट का स्टॉक कपाली के इस्लाम नगर स्थित एक गोदाम में रखा गया है। इसके बाद पुलिस ने गोदाम पर छापेमारी की, जहां 19 प्लास्टिक की बोरियों में रखे 45,600 पैकेट डुप्लीकेट सिगरेट बरामद किए गए। बरामद सिगरेट की अनुमानित बाजार कीमत करीब 39 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेद अंसारी और एख्तेराम शमीम के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त कर ली है। वहीं, गोदाम के मालिक सहित फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि नकली सिगरेट की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए शिवम् मिश्रा की रिपोर्ट