Date: 10/07/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

पुलिस की बड़ी कार्रवाई : चार अवैध शराब भट्टियों को किया ध्वस्त, पांच तस्कर गिरफ्तार

7/10/2026 1:51:14 PM IST

34
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : मुंगेर के गंगटा थाना क्षेत्र के भीमबांध जंगल में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में जावा महुआ और महुआ शराब बरामद की गई, चार अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त किया गया और पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर गंगटा थाना पुलिस ने भीमबांध जंगल में विशेष अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 7 हजार 645 किलोग्राम जावा महुआ मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके अलावा 510 लीटर देशी महुआ शराब, एक मोटरसाइकिल, तीन साइकिल और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले चार उपकरण बरामद किए गए। पुलिस ने जंगल में संचालित चार अवैध शराब भट्टियों को भी ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में नरेश कोड़ा, मंटू कोड़ा, अंतरजानी कोड़ा, गुज्जर कोड़ा और सुभाष कोड़ा शामिल हैं, जो जमुई जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। सभी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है । भीमबांध के जंगलों में अवैध शराब के नेटवर्क पर गंगटा पुलिस की यह बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट