Date: 19/07/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

अतिक्रमण हटाओ अभियान : जेसीबी चलाकर सड़क किनारे बने अस्थायी अतिक्रमण हटाए

7/18/2026 5:38:40 PM IST

36
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : मुंगेर में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। श्रीकृष्ण सेतु को जोड़ने वाली एनएच-333बी पर लालदरवाजा से तेलिया तालाब मोड़ तक जेसीबी चलाकर सड़क किनारे बने एक दर्जन से अधिक अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और कई दुकानदारों ने अपना सामान खुद ही हटाना शुरू कर दिया। दंडाधिकारी के नेतृत्व में परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम जेसीबी मशीन के साथ एनएच-333बी पर पहुंची। अभियान के दौरान श्रीकृष्ण सेतु से शहर की ओर उतरने वाले संपर्क मार्ग के किनारे बने अस्थायी ढांचों को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार अलबेला, मोटर वाहन निरीक्षक मो. जमीर आलम सहित परिवहन विभाग और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग की जमीन पर अतिक्रमण सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसी कारण समय-समय पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने साफ किया है कि भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा और दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देशों के अनुरूप राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने की दिशा में यह कार्रवाई की गई है।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट