Date: 21/07/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

सोनम वांगचूक के समर्थन में AAP का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

7/20/2026 2:40:18 PM IST

35
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : जमशेदपुर में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचूक के समर्थन में आवाज उठाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और सोनम वांगचूक के समर्थन में अपनी एकजुटता दिखाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात शांतिपूर्ण ढंग से रखने का अधिकार है और किसी भी आवाज को दबाने का प्रयास उचित नहीं है। धरने को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने कहा कि देश में लोकतांत्रिक मूल्यों पर लगातार हमला हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी बात रखने वालों की आवाज दबाई जा रही है, जिसे आम आदमी पार्टी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी सोनम वांगचूक के समर्थन में मजबूती से खड़ी है और इस मुद्दे पर आगे भी आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि सरकार को लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करनी चाहिए और जनता की आवाज का सम्मान करना चाहिए। आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट