Date: 31/07/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

कोलकाता से साइकिल पर निकला शिवभक्त, सुल्तानगंज से बाबाधाम तक जल यात्रा

7/31/2026 1:35:15 PM IST

11
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
मुंगेर : बाबा की महिमा अपरंपार है और उनके भक्तों की आस्था भी उतनी ही निराली। श्रावणी मेले की शुरुआत के साथ ही सुल्तानगंज से देवघर तक कांवरिया पथ पर भक्ति के अनगिनत रंग देखने को मिल रहे हैं। कोई नंगे पांव चल रहा है, कोई दंडवत यात्रा कर रहा है, तो कोई साइकिल से हजारों किलोमीटर का सफर तय कर बाबा के दरबार पहुंच रहा है। ऐसे ही एक अनोखे शिवभक्त से हमारी मुलाकात हुई, जिनकी आस्था हर किसी को प्रेरित कर रही है। कोलकाता के दमदम निवासी 30 वर्षीय असीम विश्वास पिछले दस दिनों से साइकिल पर धार्मिक यात्रा कर रहे हैं। वे कोलकाता से निकलकर पहले सिलीगुड़ी और जल्पाईगुड़ी पहुंचे, फिर साइकिल से सुल्तानगंज आए। यहां उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र जल भरने के बाद अब वे उसी साइकिल से बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हो गए हैं।असीम विश्वास बताते हैं कि बाबाधाम में जलार्पण करने के बाद वे पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध तारापीठ जाएंगे और फिर अपने घर लौटेंगे। उनका कहना है कि यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि चार धाम की आध्यात्मिक यात्रा का हिस्सा है, जिसे वे पूरी तरह साइकिल से ही पूरा कर रहे हैं।उनके अनुसार, इस यात्रा का उद्देश्य किसी व्यक्तिगत इच्छा की पूर्ति नहीं, बल्कि भगवान शिव की भक्ति और पूरे विश्व के कल्याण की कामना है। कठिन रास्ते, लंबी दूरी और थकान भी उनकी श्रद्धा के आगे छोटी पड़ गई है। श्रावणी मेले में हर वर्ष आस्था के अनोखे स्वरूप देखने को मिलते हैं। लेकिन साइकिल से हजारों किलोमीटर की यह शिव यात्रा यह संदेश देती है कि जब मन में अटूट विश्वास और भगवान के प्रति समर्पण हो, तो कोई भी मंजिल कठिन नहीं होती।
 
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट