Date: 08/08/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

महाराजा कॉलेज, आरा में बीसीए विभाग का फ्रेशर्स एवं फेयरवेल समारोह, छात्रों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां

8/7/2026 6:41:20 PM IST

24
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
आरा: महाराजा कॉलेज, आरा के बी.सी.ए. विभाग में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत और अंतिम वर्ष के छात्रों को विदाई देने के लिए फ्रेशर्स एवं फेयरवेल समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। महाविद्यालय की प्रधानाचार्या प्रो. कनक लता कुमारी ने नवप्रवेशी छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के विकास का आधार है। उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विदा ले रहे विद्यार्थियों को जीवन में सफलता का संदेश दिया। बी.सी.ए. विभागाध्यक्ष डॉ. अभय कुमार मिश्र ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में मेहनत, अनुशासन और तकनीकी दक्षता ही सफलता की सबसे बड़ी पूंजी है। वहीं डॉ. निज़ामुद्दीन अशरफ ने सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और टीमवर्क के महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि डॉ. राकेश रोशन ने विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने की सलाह दी। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने गीत, संगीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों ने पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया। आयोजन के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। समारोह सौहार्द, उत्साह और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
 
कोयलांचल लाइव के लिए आरा से आशुतोष की रिपोर्ट