हजारीबाग : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जहां हर तरफ से जन्मदिन की बधाइयां मिल रही हैं, वहीं दूसरी ओर कई छात्र संगठन उनके जन्मदिन को काला दिवस के रूप में मना रहे हैं। छात्र संगठनों ने आज रांची में विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। इसके मद्देनजर राज्य के अलग-अलग जिलों से छात्र रांची पहुंच रहे हैं। इधर, हजारीबाग से रांची जाने वाले छात्रों को पुलिस रास्ते में ही रोक रही है। खासकर बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। पुलिस यात्रियों से पूछताछ कर रही है। जिन लोगों को लगता है कि उनका रांची जाना बेहद जरूरी है, उन्हें जाने की अनुमति दी जा रही है। वहीं, आंदोलन में शामिल होने के लिए रांची जा रहे छात्रों को रोक दिया जा रहा है। छात्रों को रांची जाने से रोकने के लिए पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल भी मंगाया गया है। इसके अलावा, वरीय पुलिस अधिकारी रात से ही विभिन्न चौक-चौराहों पर तैनात हैं। सुबह होते ही हजारीबाग टाउन रेलवे स्टेशन पर डीएसपी स्तर के अधिकारी अलर्ट मोड में नजर आए। इसके अलावा विभिन्न थानों के प्रभारियों को भी अलग-अलग चौक-चौराहों पर तैनात किया गया है। रांची से जुड़ने वाले सभी प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि आंदोलन में शामिल होने के लिए छात्रों के रांची पहुंचने पर नजर रखी जा सके। वहीं, रांची जाने वाले यात्रियों का कहना है कि आंदोलन करना छात्रों का अधिकार है, लेकिन बसों और अन्य वाहनों के आवागमन पर रोक लगाना उचित नहीं है। कई लोगों को जरूरी काम के सिलसिले में रांची जाना था, लेकिन वाहनों को रोके जाने के कारण उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा। यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि छात्रों के आंदोलन के बीच आम लोगों के आवागमन को बाधित न किया जाए और जरूरी काम से रांची जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
रांची से कोयलांचल लाइव के लिए प्रशांत जयवर्धन की रिपोर्ट
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़