Date: 14/08/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

धनबाद में भाजपा की भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयकारों से गूंजा शहर

8/14/2026 1:16:12 PM IST

35
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर धनबाद में भाजपा की ओर से शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिला परिषद मैदान से शुरू हुई यह यात्रा रणधीर वर्मा चौक होते हुए सिटी सेंटर पहुंची। यात्रा में स्कूली बच्चों के साथ उमेश सिंह, रीता प्रसाद, तमाल राय, हर्ष सिंह, अनिल शर्मा, शशि सिंह समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। धनबाद जिला परिषद मैदान से शुरू हुई तिरंगा यात्रा का नेतृत्व धनबाद विधायक राज सिन्हा ने किया। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयकारों से शहर का माहौल गूंज उठा। रास्ते भर लोगों में भी तिरंगा यात्रा को लेकर उत्साह देखने को मिला। यात्रा के दौरान विधायक राज सिन्हा ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। तिरंगा हमें देश के प्रति अपने कर्तव्य और समर्पण की प्रेरणा देता है। विधायक ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह और सम्मान के साथ मनाने की अपील की। जिला परिषद मैदान से निकली यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सिटी सेंटर पहुंची। यात्रा को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क