Date: 21/08/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 गृहरक्षक बहाली को लेकर बढ़ी बेचैनी, एक साल से प्रक्रिया अटकी; जमशेदपुर उपायुक्त कार्यालय पहुंचे अभ्यर्थी

8/21/2026 3:46:53 PM IST

19
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur  : - पूर्वी सिंहभूम जिले में गृहरक्षक जवानों की बहाली प्रक्रिया करीब एक साल से लंबित है। वर्ष 2025 में बहाली के लिए अभ्यर्थियों से आवेदन लिए जाने के बावजूद अब तक प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है। लंबे समय से इंतजार कर रहे सैकड़ों अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर जल्द बहाली प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की। अभ्यर्थियों ने उपायुक्त से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। उनका कहना है कि बहाली को लेकर पहले भी जिला प्रशासन को पत्र सौंपकर प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। अभ्यर्थियों के मुताबिक, राज्य के कई अन्य जिलों में गृहरक्षक जवानों की बहाली प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि पूर्वी सिंहभूम में आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी भर्ती आगे नहीं बढ़ पाई है। इससे लंबे समय से तैयारी कर रहे युवाओं में निराशा बढ़ रही है। अभ्यर्थियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि लंबित बहाली प्रक्रिया को जल्द शुरू किया जाए, ताकि उन्हें रोजगार का अवसर मिल सके और लंबे इंतजार से राहत मिले।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए  बिनोद केसरी की रिपोर्ट