Date: 12/09/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

पितृपक्ष महासंगम को लेकर गयाजी में स्वच्छता अभियान तेज, सड़क पर उतरे डीएम-मेयर

9/12/2026 4:21:27 PM IST

14
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya  :  पितृपक्ष महासंगम 2026 को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए गयाजी में जन-जागरूकता अभियान शुरू किया गया। शनिवार को विष्णुपद मंदिर परिसर से स्वच्छता एवं जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में जिला पदाधिकारी शशांक शुभांकर, मेयर डॉ. वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार और सशक्त स्थायी समिति के सदस्य डॉ. अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव समेत जनप्रतिनिधि और नगर निगम के अधिकारी-कर्मी शामिल हुए।
 
रैली को डीएम, मेयर, नगर आयुक्त और सशक्त स्थायी समिति के सदस्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और नगर निगम के अधिकारियों ने खुद सड़क पर उतरकर हाथों में झाड़ू थामी और सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
 
मेला क्षेत्र में कचरा नहीं फैलाने की अपील : 
 
रैली के माध्यम से आम लोगों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं से पितृपक्ष के दौरान स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई। लोगों से कहा गया कि मेला क्षेत्र में कचरा सड़क या खुले स्थान पर न फेंकें और निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालें।
 
नगर निगम की ओर से पूरे पितृपक्ष मेला क्षेत्र को नो प्लास्टिक जोन घोषित किया गया है। इसके साथ ही मेला क्षेत्र में नशे के सेवन पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
 
रैली में वार्ड पार्षदों के अलावा पंडा समाज के प्रतिनिधि अमरनाथ धोकड़ी, मणिलाल बारीक सहित नगर निगम के पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
 
स्वच्छता में जनभागीदारी जरूरी : मेयर
 
मेयर डॉ. वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने कहा कि पितृपक्ष महासंगम गयाजी की पहचान और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। श्रद्धालुओं को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है।
 
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें आम नागरिकों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने और कचरा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की।
 
लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को लेकर तैयारी ; 
 
सशक्त स्थायी समिति के सदस्य मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि पितृपक्ष महासंगम के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु गयाजी पहुंचते हैं। ऐसे में शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
 
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी, नगर निगम के जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मी खुद सड़क पर उतरकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दे रहे हैं। जनभागीदारी से ही स्वच्छता अभियान को पूरी तरह सफल बनाया जा सकता है।
 
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट