Date: 12/09/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

क्वार्टर चोरी का हुआ खुलासा,एक आरोपी गिरफ्तार,चोरी के जेवरात समेत कई सामान बरामद 

9/12/2026 4:47:37 PM IST

16
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur :  साकची थाना क्षेत्र के तमरिया रोड स्थित क्वार्टर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं उसका दूसरा साथी पहले ही एक अन्य चोरी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। जानकारी के मुताबिक, 7 सितंबर की दोपहर तमरिया रोड स्थित क्वार्टर नंबर एल-2/27 में चोरी की वारदात हुई थी। चोरों ने घर से सोने-चांदी के जेवरात समेत कई सामान चोरी कर लिए थे। मामले को लेकर 8 सितंबर को साकची थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सुमित दास उर्फ लंगड़ा को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात के साथ वारदात में इस्तेमाल हथौड़ी और छैनी बरामद की है।
 
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल दूसरा आरोपी मो. जाफर पहले ही कदमा थाना कांड संख्या 98/2026 में गिरफ्तार किया जा चुका है। उसके पास से चोरी के शेष जेवरात बरामद किए गए हैं।
 
पुलिस ने गिरफ्तार सुमित दास के पास से 7.22 ग्राम की सोने की अंगूठी, 66 ग्राम का सोने का पंजरा यानी मेहंदी छल्ला, चांदी की पायल, चांदी की अंगूठी और टूटी हुई चांदी की अंगूठी का टुकड़ा बरामद किया है। इसके अलावा हथौड़ी और छैनी भी जब्त की गई है।
 
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सुमित दास उर्फ लंगड़ा का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ साकची और बिष्टुपुर थाना में चोरी समेत अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।
 
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट