Date: 12/09/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जेएसएससी सीजीएल के चयनित अभ्यर्थियों ने प्रेस वार्ता कर रखी अपनी बात,अभ्यर्थियों ने कहा......
 

9/12/2026 5:49:15 PM IST

13
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Ranchi : रांची प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान चयनित अभ्यर्थियों ने कहा कि वे वर्तमान में नौकरी कर रहे हैं, लेकिन उन पर पैसे देकर नौकरी हासिल करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ भीड़ तंत्र के वजह से एग्जाम कैंसिल करना गलत है,
 
अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने किसी तरह की गड़बड़ी या पैसे के बल पर नौकरी हासिल नहीं की है, बल्कि सालों तक पढ़ाई और मेहनत करने के बाद उनका चयन हुआ है। उन्होंने कहा कि वे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों से आते हैं, ऐसे में 35 से 40 लाख रुपये देकर नौकरी हासिल करने का आरोप पूरी तरह गलत है।
 
चयनित अभ्यर्थियों ने कहा कि पूरे मामले की जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। लेकिन सभी चयनित अभ्यर्थियों की नौकरी रद्द कर देना न्यायसंगत नहीं है। उनका कहना है कि CID मामले की जांच कर रही है और कोर्ट भी पूरे मामले को देख रहा है, इसलिए जांच के आधार पर दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।
 
प्रेस वार्ता के दौरान कुछ अभ्यर्थी भावुक भी हो गए। उन्होंने कहा कि इस पूरे विवाद का असर सिर्फ उन पर नहीं, बल्कि उनके परिवारों पर भी पड़ रहा है। उनका कहना था कि जिन लोगों ने आंदोलन किया है, वे उनके साथ हैं, लेकिन निर्दोष चयनित अभ्यर्थियों को नौकरी से हटाना सही नहीं है।
 
एक चयनित अभ्यर्थी ने भावुक होते हुए कहा कि उन पर 35 से 40 लाख रुपये देकर नौकरी लेने का आरोप लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे आदिवासी और गरीब परिवार से आते हैं और उनकी मां घर पर रहती हैं। ऐसे में इतना पैसा जुटाकर नौकरी लेना उनके लिए संभव ही नहीं है।
 
अभ्यर्थी ने यह भी बताया कि कोर्ट के फैसले के बाद उनकी नौकरी लगी थी। उन्होंने कहा कि पहले वे ITBP में काम करते थे और नौकरी लगने के बाद उन्होंने वहां की नौकरी छोड़ दी। अब अगर JSSC CGL की नौकरी भी चली जाती है तो उनके सामने भविष्य को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो जाएगा।
 
चयनित अभ्यर्थियों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों पर कार्रवाई हो, लेकिन बिना दोष साबित हुए सभी चयनित अभ्यर्थियों को नौकरी से हटाना नहीं चाहिए।
 
रांची से कोयलांचल लाइव के लिए प्रशांत जयवर्धन की रिपोर्ट