Date: 12/09/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

हल्दीपोखर रेलवे साइडिंग के प्रदूषण के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान शुरू, ग्रामीणों ने उठाई आवाज
 

9/12/2026 5:49:15 PM IST

9
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur :  पोटका के हल्दीपोखर रेलवे साइडिंग से फैल रहे धूल-प्रदूषण और भारी वाहनों के लगातार आवागमन के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार से हल्दीपोखर रेलवे स्टेशन के समीप हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के जरिए प्रभावित गांवों और मोहल्लों में पहुंचकर लोगों को प्रदूषण, भारी वाहनों के आवागमन और सड़क सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि रेलवे साइडिंग के कारण आसपास के इलाकों में धूल-प्रदूषण बढ़ा है। भारी वाहनों के लगातार आवागमन से ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी के साथ सड़क सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रदूषण के कारण क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हस्ताक्षर अभियान के दौरान प्रभावित लोगों की शिकायतों और हस्ताक्षरों को संकलित किया जाएगा। इसके बाद इन समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा। अभियान से जुड़े लोगों के मुताबिक, ग्रामीणों की समस्याओं और हस्ताक्षरों को राष्ट्रीय हरित अधिकरण यानी एनजीटी के समक्ष भी मजबूती से रखने की तैयारी है।
आयोजकों ने अधिक से अधिक ग्रामीणों से अभियान में जुड़ने की अपील की है। उनका कहना है कि यह अभियान केवल हस्ताक्षर जुटाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि रेलवे साइडिंग से प्रभावित लोगों की समस्याओं को एकजुट तरीके से सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव की लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट