Date: 01/10/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

दुर्गा पूजा को लेकर धनबाद पुलिस अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसएसपी की अहम बैठक....

9/30/2026 12:54:19 PM IST

18
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Dhanbad :  दुर्गा पूजा के दौरान धनबाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने को लेकर समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में एसएसपी प्रभात कुमार की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, आईपीएस अंकित सिन्हा समेत जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ, अंचल निरीक्षक, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी मौजूद रहे।बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, पूजा पंडालों की निगरानी, यातायात प्रबंधन, रात्रि गश्ती, चोरी और गृहभेदन की घटनाओं पर नियंत्रण के साथ-साथ आर्म्स एक्ट के लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के प्रत्येक पूजा पंडाल का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने का निर्देश दिया। पंडालों में सीसीटीवी कैमरे और अग्नि सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित कराने को कहा गया। वहीं, चोरी और गृहभेदन की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाया गया है। जिले के सभी थाना क्षेत्रों को 8 जोन में बांटा गया है, जबकि इन जोन को 3 सुपर जोन में विभाजित किया गया है। इंस्पेक्टर स्तर के नोडल थाना प्रभारी अपने जोन में रात के दौरान भ्रमणशील रहेंगे, जबकि डीएसपी और एसडीपीओ स्तर के अधिकारी सुपर जोन में रात्रि गश्ती की निगरानी करेंगे। एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि रात्रि गश्ती में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही आर्म्स एक्ट के लंबित सभी मामलों की समीक्षा कर अगले दो माह के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क