Date: 29/08/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 NIA टीम.पहुंची धनबाद , प्रिंस खान का पाकिस्तान कनेक्शन और रंगदारी नेटवर्क की जांच में जुटा NIA  

8/28/2026 12:56:48 PM IST

35
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad:- वासेपुर का फरार अपराधी प्रिंस खान एक बार फिर जांच एजेंसियों के रडार पर है। धनबाद पुलिस की कार्रवाई के बाद अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी NIA की टीम भी प्रिंस खान के मामले की जांच में जुट गई है। NIA की टीम धनबाद पहुंची और एसएसपी प्रभात कुमार समेत पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर प्रिंस खान के आपराधिक नेटवर्क, उसके स्थानीय गुर्गों और कथित पाकिस्तान कनेक्शन से जुड़ी जानकारी ली। वहीं दूसरी ओर, प्रिंस खान पर एक बड़े कारोबारी से 5 करोड़ रुपये एकमुश्त और हर महीने 20 लाख रुपये की कथित रंगदारी मांगने का भी आरोप लगा है। खास बात यह है कि इस बार रंगदारी का कथित मैसेज धमकी भरे अंदाज में नहीं, बल्कि सहयोग और सहायता की भाषा में भेजा गया है।धनबाद पुलिस लंबे समय से वासेपुर के फरार अपराधी प्रिंस खान के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। पिछले दिनों पुलिस और प्रिंस खान के दो कथित गुर्गों के बीच मुठभेड़ भी हुई थी, जिसमें पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए थे। अब इस पूरे मामले में NIA की एंट्री के बाद प्रिंस खान के नेटवर्क की जांच और तेज हो गई है। NIA की टीम धनबाद पहुंची और एसएसपी प्रभात कुमार से मुलाकात कर प्रिंस खान के आपराधिक इतिहास, उसके स्थानीय नेटवर्क, कथित गुर्गों, सहयोगियों और पुराने संपर्कों के संबंध में जानकारी जुटाई। सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी प्रिंस खान के कथित पाकिस्तान कनेक्शन और उसके आर्थिक नेटवर्क को भी खंगाल रही है। वासेपुर और आसपास के इलाकों में उसके कथित सहयोगियों, पुराने संपर्कों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की गतिविधियों की जांच की जा रही है।पुलिस और अन्य एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि फरार रहने के दौरान प्रिंस खान का नेटवर्क कहां-कहां तक फैला हुआ है और उसे आर्थिक मदद या अन्य सहयोग कौन उपलब्ध करा रहा है।इसी बीच प्रिंस खान पर निरसा के डूबी स्थित अंकुर बायो केमिकल के मालिक अंकुर शर्मा से कथित तौर पर व्हाट्सएप के जरिए 5 करोड़ रुपये एकमुश्त और हर महीने 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगा है।बताया जा रहा है कि व्यवसायी के पार्टनर सुनील साहू को भी व्हाट्सएप के माध्यम से कथित तौर पर इसी तरह के संदेश भेजे गए हैं। इस बार कथित रंगदारी संदेश का तरीका भी चर्चा का विषय बना हुआ है। पहले की तरह सीधे धमकी देने के बजाय कथित तौर पर सहायता और सहयोग वाले लहजे का इस्तेमाल किया गया है। मैसेज में कथित तौर पर कहा गया है कि धनबाद में कहीं भी कारोबार करने पर किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। साथ ही यह भी कहा गया कि गैंग चलाने के लिए पैसे की जरूरत होती है और उसके कई लोग जेल में हैं, जिनकी देखभाल और कानूनी खर्च के लिए भारी रकम की आवश्यकता है। मैसेज में कारोबारी के बड़े कारोबार का हवाला देते हुए सहयोग करने की बात कही गई है। रंगदारी के कथित संदेश मिलने के बाद व्यवसायी ने पुलिस से शिकायत की है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और व्यवसायी की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। मामले की जांच में धनबाद पुलिस के साथ स्पेशल ब्रांच और अन्य एजेंसियां भी जुटी हुई हैं।
इस मामले पर ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने बताया कि प्रिंस खान के खिलाफ धनबाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उसके पूरे नेटवर्क पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है और उसके संगठित अपराध के नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई जारी है। उन्होंने बताया कि इस मामले में धनबाद पुलिस अलग-अलग एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है, जिसमें NIA भी शामिल है। इसी क्रम में NIA की टीम प्रिंस खान से जुड़े मामलों की जांच के लिए धनबाद पहुंची थी।  कभी धमकी भरे कॉल और मैसेज के जरिए कारोबारियों में दहशत फैलाने का आरोप झेल रहा प्रिंस खान अब जांच एजेंसियों के निशाने पर है। धनबाद पुलिस के साथ NIA की जांच से उसके कथित नेटवर्क, आर्थिक स्रोतों और पाकिस्तान कनेक्शन से जुड़े मामलों की परतें खुलने की संभावना है। अब देखना होगा कि फरार प्रिंस खान और उसके नेटवर्क पर जांच एजेंसियां आगे क्या बड़ी कार्रवाई करती हैं।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क