Date: 28/10/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 
दिल्ली की वोट बचाओ, देश बचाओ रैली को सफल बनाने में जुटी कांग्रेस, कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश

10/28/2026 12:44:25 PM IST

4
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamtara : भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रैली में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न जिलों में बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में मंगलवार को झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के जामताड़ा स्थित आवास पर कांग्रेस की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दीपिका बेसरा ने की। इसमें मध्य प्रदेश के मुरैना से विधायक सुरेश गुर्जर मुख्य रूप से शामिल हुए। बैठक में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को दिल्ली में आयोजित होने वाली रैली की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं और आम लोगों को दिल्ली पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की गई। नेताओं ने रैली को सफल बनाने के लिए संगठन के सभी स्तरों पर सक्रियता बढ़ाने और लोगों को रैली के उद्देश्य से अवगत कराने पर जोर दिया। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मध्य प्रदेश के मुरैना विधायक सुरेश गुर्जर ने कहा कि आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली आयोजित की जाएगी। इस रैली में देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता और आम लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि रैली की तैयारियों को लेकर विभिन्न जिलों में बैठकें की जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। सुरेश गुर्जर ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री मतदाताओं के वोट देने के अधिकार को प्रभावित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है, लेकिन यदि मतदाताओं के अधिकारों को ही छीना जाएगा, तो आम जनता न्याय की गुहार किससे लगाएगी? उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के हितों और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार के खिलाफ संघर्ष करेगी। एसआईआर के तहत नाम काटे जाने पर जताई आपत्ति | विधायक सुरेश गुर्जर ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर मतदाता सूची से लोगों के नाम काटे जा रहे हैं, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर लगातार आवाज उठा रही है और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने मांग की कि जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं, उनके नाम दोबारा जोड़े जाएं। साथ ही उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई। सुरेश गुर्जर ने कहा कि इन मांगों को लेकर कांग्रेस केंद्र सरकार के सामने अपनी आवाज बुलंद करेगी।
 
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट |