Date: 02/11/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

ट्रिपल लोडिंग दो बाइक के बीच हुई भीषण टक्कर ,एक की मौत, पांच घायल

11/2/2026 10:50:09 AM IST

22
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamui --जमुई के लछुआड़  थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंडघाट के पास तेज रफ्तार ट्रिपल लोडिंग दो बाइक के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दोनों बाइक पर सवार तीन- तीन युवक यानि कुल छह युवक सवार थे जो बुरी तरह घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से  स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरा से कल देर शाम  सदर अस्पताल भर्ती कराया गया।जहां इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डाक्टर मनीष कुमार द्वारा जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रारंभिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया ।घटना में घायल चार युवकों का इलाज सदर अस्पताल में ही चल रहा है। एक बाइक पर सवार मृतक युवक की पहचान सिकंदरा थाना क्षेत्र के ऋषिडीह गांव निवासी सुरेश यादव के पुत्र मिथलेश कुमार के रूप में हुई है। जबकि घायलों में मृतक की बाइक पर महेश यादव के पुत्र विकास कुमार और जुगल यादव के पुत्र सौरभ कुमार शामिल हैं। दूसरी बाइक पर सवार घायलों की पहचान लछुआड़ थाना क्षेत्र के पतम्बर गांव निवासी विजय दास के पुत्र शिवम कुमार, महेंद्र दास के पुत्र बीरेंद्र दास और शैलेन्द्र दास के पुत्र बाबी दास के रूप में हुई है।
 
बताया जाता है कि दोनों बाइक पर तीन- तीन युवक सवार होकर घूमने के लिए कुण्डघाट गया था। घायल विकास कुमार ने बताया कि एक बाइक कुण्डघाट की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी बाइक कुण्डघाट से लौट रही थी। दोनों बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। जिस वजह से अनियंत्रित होकर दोनों बाइक आपस मे ही टकरा कर दुर्घटना ग्रस्त हो गई। दोनों बाइक के बीच की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों बाइक पर सवार कुल छह युवकों में से एक की मौत हो गई, जबकि एक युवक को पटना रेफर किया गया और चार युवकों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन के चीख और चीत्कार से सदर अस्पताल का पूरा माहौल गमगीन बन गया। दुर्घटना की सूचना पर देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे गांव में मातम छा गया।
 
जमुई से कोयलांचल लाइव के लिए पुरुषोतम कुमार की रिपोर्ट