Date: 03/11/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

सड़क-पुल के लिए डुमरिया में जोरदार प्रदर्शन, BDO-CO की गैरमौजूदगी पर ग्रामीणों ने दी तालाबंदी की चेतावनी!

11/2/2026 1:41:05 PM IST

23
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Jamshedpur : पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की बेटी व समाज सेविका दुखनी सोरेन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण आज सड़क और पुलिया के निर्माण की मांग को लेकर रैली निकाल कर डुमरिया प्रखंड मुख्यालय पहुंचे और प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर आक्रोश व्यक्त किया। बताया जा रहा हैं की डुमरिया प्रखंड के विभिन्न पंचायतों मे आज भी सड़क एवं पुल पुलिया की गंभीर समस्या बनी हुई है। कई गांवों के ग्रामीणों को आवागमन के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर बरसात के मौसम मे नदी, नाला एवं जलस्रोतों के कारण ग्रामीणो का संपर्क मुख्य सड़क और आसपास के गांवों से कट जाता है। इसका सीधा असर विद्यार्थियों, मरीजों, किसानों, मजदूरों एवं आम ग्रामीणो के दैनिक जीवन पर पड़ता है।डुमरिया प्रखंड के हरेबेड़ा से नरसिंहबहाल को जोड़ने वाली नदी पर पुलिया नही होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। इसी प्रकार जय नदी एवं शंख नदी पर भी पुल की समुचित व्यवस्था नहीं होने से आसपास के ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य जरूरी कार्यों के लिए कठिनाइयो का सामना करना पड़ता है। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है। इसके अतिरिक्त डुमरिया प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में कई ग्रामीण सड़कें जर्जर अवस्था मे  हैं तथा अनेक गांव आज भी बेहतर सड़क संपर्क से वंचित हैं। कई स्थानो पर छोटी-बड़ी नदियो  एवं नालो पर पुल पुलिया निर्माण की आवश्यकता है। वहीं, पूर्व मे सड़क निर्माण के दौरान जिन ग्रामीणो की रेयती जमीन का उपयोग किया गया है, उन्हें अब तक उचित मुआवजा नही मिल पाया है। इन्ही सभी मांगो को लेकर प्रर्दशन किया।...वहीं कार्यालय मे बीडीओ- सीओ नहीं रहने पर ग्रामीणों मे काफ़ी नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा की आने  वाले समय पर बीडीओ- सीओ के कार्यालय मे ताला मारने की बात कही।

 

जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट