Date: 01/11/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 सरदार पटेल को सांसद ढुलू महतो ने दी श्रद्धांजलि, नेहरू की राजनीति पर साधा निशाना, युवाओं से की त्याग की भावना अपनाने की अपील
 

10/31/2026 5:00:01 PM IST

27
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : हीरापुर स्थित पटेल चौक पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने सरदार पटेल को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया। अपने संबोधन में सांसद ने सरदार पटेल के त्याग और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका का जिक्र किया। साथ ही, देश के पहले प्रधानमंत्री के चयन को लेकर पंडित जवाहरलाल नेहरू की राजनीति पर भी निशाना साधा। सांसद ने युवाओं से सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाकर देश को और मजबूत बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज भारत जिस मुकाम पर पहुंचा है, उसमें सरदार पटेल के त्याग, तपस्या और राष्ट्र के प्रति समर्पण की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता सरदार पटेल को अपना प्रेरणास्रोत मानती है और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में काम करने की जरूरत है। अपने संबोधन में सांसद ढुलू महतो ने इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि सरदार पटेल में त्याग की भावना कूट-कूट कर भरी थी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के प्रांतीय सम्मेलन में 15 में से 12 वोट सरदार पटेल के पक्ष में मिले थे और प्रधानमंत्री पद के लिए उनका नाम आगे था। हालांकि, सांसद के अनुसार, पंडित जवाहरलाल नेहरू की राजनीति और देश की एकता-अखंडता को बनाए रखने के उद्देश्य से सरदार पटेल ने प्रधानमंत्री पद का त्याग कर दिया, जिसके बाद नेहरू देश के पहले प्रधानमंत्री बने। सांसद ढुलू महतो ने सरदार पटेल के इस कथित त्याग को याद करते हुए उन्हें महान राष्ट्रभक्त बताया और कहा कि देश को एकजुट रखने में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और देश के विकास के लिए उनके आदर्शों को अपनाना जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में सांसद ने युवाओं समेत देशवासियों से अपील की कि वे राजनीतिक, सामाजिक और व्यक्तिगत जीवन के हर क्षेत्र में त्याग, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सामूहिक प्रयास किए जाएं, तो देश को और अधिक सशक्त और मजबूत बनाया जा सकता है। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित इस समारोह के माध्यम से राष्ट्र की एकता, अखंडता और समर्पण का संदेश दिया गया। सांसद ढुलू महतो ने युवाओं से सरदार पटेल के विचारों को अपने जीवन में अपनाने और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क