Date: 07/11/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, कई होटल और मिठाई दुकानों में एक्सपायरी वाले खाद्य सामग्री, छापेमारी जब्त  

11/7/2026 11:31:51 AM IST

22
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : दीपावली और धनतेरस के त्योहार पर मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच मुंगेर के हवेली खड़गपुर में खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अनुमंडल पदाधिकारी प्रेम कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने मुख्य बाजार के कई होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों में औचक छापेमारी की। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों से एक्सपायरी खाद्य सामग्री और कोल्ड ड्रिंक की बोतलें बरामद की गईं। प्रशासन ने सभी एक्सपायरी सामग्रियों को मौके पर ही नष्ट करा दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से बाजार के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। त्योहारों का मौसम आते ही बाजार में मिठाइयों, खाद्य पदार्थों और पेय पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। इसी का फायदा उठाकर कहीं ग्राहकों को एक्सपायरी खाद्य सामग्री तो नहीं बेची जा रही है, इसकी जांच के लिए मुंगेर जिला प्रशासन ने हवेली खड़गपुर में विशेष अभियान चलाया। एसडीओ प्रेम कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने मुख्य बाजार स्थित होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों में अचानक पहुंचकर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, एक्सपायरी डेट और भंडारण व्यवस्था की जांच की। जांच के दौरान डोसा किंग रेस्टोरेंट से लंबे समय से रखे हुए चिकन और भुने मसाले बरामद किए गए। वहीं, आशा होटल में स्ट्रिंग और पेप्सी कोल्ड ड्रिंक की दर्जनों बोतलें एक्सपायरी पाई गईं। इसके अलावा चिली सॉस और टोमेटो सॉस की कई बोतलें भी निर्धारित उपयोग अवधि समाप्त होने के बाद रखी मिलीं। प्रशासनिक टीम ने इन सभी सामग्रियों को जब्त कर मौके पर ही नष्ट करा दिया। कार्रवाई का दायरा यहीं तक सीमित नहीं रहा। वैष्णवी स्वीट्स एंड स्नैक्स, रस कुंज, बिस्किट रेस्टोरेंट समेत शहर के दर्जनों होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों में भी जांच की गई। अचानक हुई छापेमारी के बाद दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। कई दुकानदार अपनी दुकानों में रखी खाद्य सामग्री और भंडारण व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुट गए। इस दौरान एसडीओ प्रेम कुमार ने सभी दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि खाद्य पदार्थों की खरीदारी, बिक्री और भंडारण में निर्धारित मानकों का पालन अनिवार्य रूप से करें। साथ ही चेतावनी दी कि ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़ करने और एक्सपायरी खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी अभियान में एसडीपीओ अभय कुमार, अंचलाधिकारी जयप्रकाश, प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी विशाल मोहन, स्वच्छता पदाधिकारी मनीष कुमार, सब इंस्पेक्टर कुंदन कुमार सिंह सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी और पुलिस के जवान शामिल थे।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट