Date: 07/11/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत 100 लोगों के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी।

11/7/2026 3:59:41 PM IST

15
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : दीपावली से पहले जमशेदपुर पुलिस ने 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत करीब 100 लोगों के चेहरे पर खुशी लौटा दी। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गुम हुए करीब 100 मोबाइल फोन बरामद कर शनिवार को उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए। लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। जमशेदपुर पुलिस लाइन में आयोजित 11वें मोबाइल वितरण शिविर में एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब, सिटी एसपी ललित मीणा, ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल सहित जिले के डीएसपी और विभिन्न थाना प्रभारी मौजूद रहे। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए. जमशेदपुर पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन मुस्कान के तहत अब तक अलग-अलग चरणों में कुल 3273 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों तक पहुंचाए जा चुके हैं। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम इस अभियान का 11वां शिविर था। एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने इसे शहरवासियों के लिए 'दीपावली का गिफ्ट' बताते हुए कहा कि जमशेदपुर पुलिस आम लोगों की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की बरामदगी को लेकर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पुलिस शहर को अपराधमुक्त और भयमुक्त बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है, लेकिन इसमें शहरवासियों का सहयोग भी बेहद जरूरी है। कार्यक्रम का सबसे सुखद दृश्य उस समय देखने को मिला जब महीनों पहले गुम हुए मोबाइल दोबारा उनके मालिकों के हाथों में पहुंचे। मोबाइल वापस पाने वाले लोगों ने जमशेदपुर पुलिस के प्रयास की सराहना की। ऑपरेशन मुस्कान के जरिए गुम मोबाइल की तकनीकी माध्यम से तलाश, सत्यापन औ फिर वास्तविक मालिक तक पहुंचाने की पुलिस की मुहिम लगातार जारी है. दीपावली से ठीक पहले करीब 100 परिवारों तक उनके खोए मोबाइल पहुंचाकर पुलिस ने इस बार अभियान को त्योहार की खुशियों से भी जोड़ दिया।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट