Date: 08/11/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

सड़क हादसे में बुझ गए तीन घरों के चिराग, कई छात्र घायल ......
 

11/8/2026 1:07:27 PM IST

15
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jahanabad : जहानाबाद जिले के हुलासगंज थाना क्षेत्र के कंदौल गांव के समीप शनिवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन इंजीनियरिंग छात्रों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य छात्र घायल हो गए। छात्रों से भरी एक टेंपो की हार्वेस्टर से जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मिली जानकारी के अनुसार, जहानाबाद इंजीनियरिंग कॉलेज के बैच 2024-28 के छात्र गया इंजीनियरिंग कॉलेज में सेमेस्टर की परीक्षा देकर टेंपो से वापस जहानाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान कंदौल गांव के पास टेंपो की हार्वेस्टर से टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि टेंपो की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए टेंपो में फंसे घायल छात्रों को बाहर निकाला और उन्हें हुलासगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल छात्रों को सदर अस्पताल रेफर किया गया।हालांकि, इलाज के दौरान तीन छात्रों मंजीत कुमार, सौरभ कुमार और आदित्य राज की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज के शिक्षक और छात्र अस्पताल पहुंचे। तीन होनहार छात्रों की असमय मौत से इंजीनियरिंग कॉलेज में शोक की लहर फैल गई। मृतकों के सहपाठियों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
 
 
जहानाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए पंकज कुमार की रिपोर्ट |